इलाहाबाद उच्च न्यायालय-डिजिटल निर्णय पत्रिका
इलाहाबाद उच्च न्यायालय, भारत में न्यायिक प्रणाली के विकास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। 1834 से 1861 तक, भारत में दो अलग-अलग न्यायालय प्रणालियाँ थीं - राजा के न्यायालय और ईस्ट इंडिया कंपनी के न्यायालय। 1861 में भारतीय उच्च न्यायालय अधिनियम पारित होने के बाद, इन दोनों प्रणालियों को एकीकृत करने का प्रयास किया गया। 1866 में आगरा में उत्तर पश्चिमी प्रांतों के लिए एक नया उत्तर-पश्चिमी प्रांतीय उच्च न्यायालय स्थापित किया गया, जिसे कुछ विशेष मामलों में मूल क्षेत्राधिकार प्रदान किया गया, परंतु यह सामान्य नागरिक अधिकार क्षेत्र नहीं था। 1869 में इस न्यायालय की पीठ आगरा से इलाहाबाद स्थानांतरित कर दी गई और वर्ष 1916 से यह वर्तमान भवन से संचालित हो रहा है। 1919 में इस उच्च न्यायालय का नाम बदलकर 'इलाहाबाद उच्च न्यायालय, इलाहाबाद’ कर दिया गया, जो वर्तमान मे प्रयागराज जनपद मे स्थित है। इस उच्च न्यायालय को अधीनस्थ न्यायालयों पर अधीक्षण की शक्तियाँ दी गईं, जो बाद में भारत के संविधान में भी शामिल की गईं। अवध क्षेत्र में, 1856 से 1925 तक न्यायिक आयुक्त का न्यायालय अपील का सर्वोच्च न्यायालय था, जिसका कालांतर मे इलाहाबाद उच्च न्यायालय में विलय कर दिया गया। यह इतिहास दर्शाता है कि कैसे भारतीय न्यायिक प्रणाली धीरे-धीरे विकसित हुई और एकीकृत हुई, जिसने आधुनिक भारत के न्यायिक ढांचे की नींव रखी।
भारत के नागरिकों को उनकी अपनी भाषा में निर्णय उपलब्ध कराकर उनमें विधिक जागरूकता फैलाने की माननीय न्यायमूर्ति डॉ. डी. वाई. चंद्रचूड़, भारत के मुख्य न्यायमूर्ति की पहल व माननीय न्यायमूर्ति श्री अभय एस. ओका, अध्यक्ष, उच्चतम न्यायालय ए. आई. असिस्टेड लीगल ट्रांसलेशन एडवाइज़री कमेटी के निरंतर मार्गदर्शन के फलस्वरूप उच्च न्यायालय ए. आई. असिस्टेड लीगल ट्रांसलेशन एडवाइज़री और ई-लॉ रिपोर्ट कमेटी के सघन पर्यवेक्षण, निगरानी और दिशानिर्देशों द्वारा विकसित इस वेब एप्लीकेशन का लोकार्पण माननीय न्यायमूर्ति श्री अरुण भंसाली, मुख्य न्यायमूर्ति, इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा दिनांक 11.03.2024 को किया गया है।
इसी क्रम मे ई-निर्णय पत्रिका के वेब पेज का अद्यतनीकरण कर उसे श्रेष्टतर बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा हैं, जिसका मुख्य उद्देश्य प्रदेशवासियों को हिन्दी भाषा में निर्णय उपलब्ध कराकर उनमें विधिक जागरूकता फैलाना हैं।
ई-इलाहाबाद उच्च न्यायालय निर्णय पत्रिका का उद्देश्य इलाहाबाद उच्च न्यायालय एवं इसकी लखनऊ खंडपीठ द्वारा दिए गए निर्णयों के अंग्रेजी - हिंदी संस्करणों के लिए अलग-अलग खोज विकल्प उपलब्ध कराना है ताकि इसकी बड़े पैमाने पर जनता, वादकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों, सरकारी विभागों, विधि महाविद्यालयों/ विश्वविद्यालयों और बार एसोसिएशनों तक पहुंच हो सके।
इसमें उत्तर प्रदेश राज्य से उत्पन्न वादों में भारत के सर्वोच्च न्यायालय के प्रतिवेद्य/महत्वपूर्ण निर्णय भी सम्मिलित हैं। इसके अतिरिक्त सामयिक अंतिम आदेश/ निर्णय का अनुवाद भी उपलब्ध कराना है।
सुविधा हेतु, अद्यतन विधि के साथ अन्य अधिनियमों का अनुवाद भी पत्रिका मे उपलब्ध रहेगा।
ई-इलाहाबाद उच्च न्यायालय निर्णय पत्रिका एप्लीकेशन, उच्च न्यायालय के कंप्यूटर अनुभाग द्वारा विकसित किया गया है, जिसमें विकास एवं नियमित सुधार शामिल है ताकि एप्लीकेशन की सुचारू कार्यक्षमता और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
ई-इलाहाबाद उच्च न्यायालय निर्णय पत्रिका का हिंदी संस्करण, इलाहाबाद उच्च न्यायालय और उसकी लखनऊ खंडपीठ के सुवास प्रकोष्ठ द्वारा ए.आई. अनुवाद तकनीक के उपयोग से प्रदान किया गया है।
अनुवादित संस्करण में पूर्ण एवं सही जानकारी प्रदान करने के लिए उच्च न्यायालय, इलाहाबाद एवं उसकी लखनऊ खंडपीठ के सुवास प्रकोष्ठ द्वारा उचित सतर्कता और सावधानी बरती गई है। अनुवाद, ए.आई. (कृत्रिम बुद्धिमता) टूल की सहायता से किया जा रहा है। सही अनुवाद करने के उचित प्रयास किए गए हैं। उच्च न्यायालय, इलाहाबाद एवं उसकी लखनऊ खंडपीठ की रजिस्ट्री/सुवास प्रकोष्ठ गलत या अशुद्ध अनुवाद और अनुवादित पाठ की अन्तर्वस्तु में किसी भी त्रुटि, चूक या विसंगति के लिए जिम्मेदार नहीं होगी। निर्णयों का अनुवाद सामान्य जानकारी के लिए प्रदान किया गया है और अनुपालन के लिए इसका कोई कानूनी प्रभाव नहीं होगा। यदि अनुवादित निर्णय में निहित जानकारी/कथन की सटीकता से संबंधित कोई प्रश्न उठता है, तो उपयोगकर्ताओं को उसे निर्णय के मूल संस्करण से सत्यापित करने की सलाह दी जाती है। यहां उपलब्ध कराया गया अनुवाद कानूनी साक्ष्य के लिए नहीं है। उच्च न्यायालय, इलाहाबाद एवं उसकी लखनऊ खंडपीठ, आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी के प्रत्यक्ष/अप्रत्यक्ष उपयोग से होने वाली किसी भी क्षति या हानि के लिए किसी भी रूप में ज़िम्मेदार नहीं होंगे। हालाँकि, यदि सुधार हेतु हमारे संज्ञान में कोई त्रुटि/चूक लाई जाती है, तो हम इसके लिए आभारी होंगे।